inDrive के कई ड्राइवर अपनी मुख्य नौकरी के साथ यहां भी काम करते हैं। काम के बाद वे A से B तक लोगों को ले जाते हैं—अतिरिक्त कमाई के लिए, नए लोगों से मिलने के लिए, और अपनी रोज़मर्रा की दिनचर्या से थोड़ा ब्रेक लेने के लिए। उराल्स्क के इस ड्राइवर के लिए, ये सभी कारण उतने ही महत्वपूर्ण हैं। आइए, उनकी कहानी जानते हैं।


           "मैं हमेशा जानता था कि जो काम करूंगा, उसमें अपना सब कुछ दूंगा। लेकिन यह कभी नहीं सोचा था कि घर लौटने का रास्ता ही एक दिन मेरे काम का हिस्सा बन जाएगा।"


     मैं उराल्स्क में एक पैरामेडिक के रूप में काम करता हूं - यही मेरा मुख्य काम है। 2019 में मेडिकल कॉलेज से ग्रेजुएशन के बाद, मैं एंबुलेंस सेवा में रहा, किसी भी समय आने वाले कॉल का जवाब देना मेरा काम था। आप कभी नहीं जान सकते कि जब कोई 103 डायल करता है तो आगे क्या होने वाला है। मेडिसन मेरे परिवार में बहुत पहले से चली आ रही है; यह पीढ़ियों से चली आ रही एक परंपरा है। मेरे लिए, लोगों की मदद करना कभी सवाल नहीं था - यह हमेशा की राह थी।

      काम पर मेरे सहकर्मी मज़ाक में कहते हैं कि “मेरे बहुत सारे बच्चे हैं।” कई सालों में, मैंने सात लड़कियों और एक लड़के का जन्म कराने में मदद की है। एक लम्हा आज भी याद है, जब एक पिता ने अपनी नवजात बेटी को गोद में लिया, फिर मुझे पकड़ाते हुए कहा, “यह मेरी नहीं, आपकी बेटी है। आपने इसे इस दुनिया में लाया है।”

      परिवार मेरा सबसे बड़ा सहारा है। हर बार जब मैं घर लौटता हूं, मेरी बेटी ही सबसे पहले दरवाज़े पर खड़ी मिलती है। “पापा!” कहकर दौड़कर गले लगती है—और उसी पल पूरे दिन का तनाव गायब हो जाता है। उसके जन्म के बाद सब बदल गया है। अब जीवन में एक गहरी जिम्मेदारी और उद्देश्य महसूस होता है। मेरी सबसे बड़ी ख्वाहिश है कि वह हमेशा खुश रहे, उसके बचपन का हर पल मैं संजो पाऊं और उसे उसकी सही दिशा दिखा सकूं।

     जब मुझे एहसास हुआ कि पैरामेडिक की सैलरी काफी नहीं है, तो मैंने ऐसी दूसरी नौकरी की तलाश शुरू की जो मुझे आज़ादी दे सके। इसी वजह से मैंने inDrive चुना। इस प्लेटफार्म के साथ मेरी यात्रा कॉलेज के दिनों में शुरू हुई—तब मेरे पास अपनी कार भी नहीं थी। महीने में एक–दो बार मैं अपनी आंटी की कार ले लेता था। धीरे-धीरे, यह आगे बढ़ने लगा।

      आज भी कभी-कभी अपनी शिफ़्ट के बाद मैं inDrive के साथ राइड लेता हूं। मेरे लिए यह एक तरह का शौक है—नए लोगों से जुड़ने, छोटे पलों को शेयर करने और नए अंदाज़ में मदद करने का एक मौका।

      यह इंसानियत को आगे बढ़ाने का एक और तरीका है। मेरा लक्ष्य सरल है: हर मिलने वाले की मदद करना, उन्हें सुरक्षित और समय पर पहुंचना। और शायद, अगर वे अपने घर अच्छे मूड में पहुंचे, तो वही एहसास आगे बढ़ाएंगे।

      यह बिलकुल बूमरैंग की तरह है—जितना आप देते हैं, उतना ही वापस मिलता है। मैं सच में इस पर विश्वास करता हूं।